होली एवं ईद को लेकर इसलामपुर थाना में शांति समिति की बैठक, हुड़दंगियों पर रहेगी कड़ी नजर
रानी सिन्हा की रिपोर्ट,
इसलामपुर (नालंदा)। होली एवं ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर इसलामपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने संयुक्त रूप से की।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय ने कहा कि होली पर्व के दौरान हुड़दंगियों एवं असामाजिक तत्वों पर पुलिस प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि होली का त्योहार शांति और सद्भाव के साथ मनाएं। अश्लील गाना बजाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि होली के दौरान शराब माफियाओं पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। रात्रि में होलिका दहन तक विभिन्न स्थानों पर पुलिस गश्त करेगी। शराब पीकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि होली रंगों का पवित्र और खुशियों का त्योहार है। इसे भाईचारे और प्रेम के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी पर जबरदस्ती रंग या कीचड़ न डालें। साथ ही चेतावनी दी कि पर्व के दौरान यदि कोई व्यक्ति शराब बेचते या पीते हुए पकड़ा गया तो उसे जेल भेजा जाएगा।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय साहू, सामाजिक नेता श्रीनिवास शर्मा, जदयू नेता शैलेन्द्र प्रसाद सिंह, भाजपा नेता विजय विश्वकर्मा, उप मुख्य पार्षद तनवीर आलम, रविंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बैठक में सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया और दोनों पर्व को आपसी सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया।
