थरथरी थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
रानी सिन्हा, संवाददाता
नूरसराय (नालंदा)। नालंदा जिले के थरथरी थाना क्षेत्र से एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मामला थरथरी थाना क्षेत्र के मेहतरामा गांव का है, जहां 20 वर्षीय नवविवाहिता स्तुति कुमारी की मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर जलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका स्तुति कुमारी की शादी 9 मई 2025 को मेहतरामा गांव निवासी मणिकांत कुमार उर्फ पिंटू से हुई थी। मृतका के पिता सतीश कुमार, निवासी तुंगी गांव (दीपनगर थाना क्षेत्र), ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना दी गई कि उनकी बेटी को करंट लग गया है।
सतीश कुमार के अनुसार, जब उन्होंने वीडियो कॉल पर बेटी को देखने की बात कही तो ससुराल पक्ष ने मना कर दिया, जिससे उन्हें संदेह हुआ। सूचना मिलने के बाद जब वे घटनास्थल पर पहुंचे और शव को देखा तो उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह बिजली से करंट लगने की मौत नहीं है, बल्कि उनकी बेटी को जलाकर हत्या की गई है।

उन्होंने बताया कि शव देखने पर स्तुति कुमारी की जीभ बाहर निकली हुई थी, जो गला घोंटने की ओर इशारा करती है। साथ ही पूरा शरीर जला हुआ था, लेकिन आसपास का कोई सामान जला हुआ नहीं मिला, जिससे मामला और भी संदिग्ध प्रतीत होता है।
वहीं इस संबंध में हिलसा डीएसपी-01 शैलजा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही थरथरी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों द्वारा जलाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है। साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया है।
डीएसपी ने बताया कि फिलहाल ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
