नालंदा में मारपीट कर हत्या, तीन घंटे में सभी नामजद आरोपी गिरफ्तार
बारात में हुए विवाद ने लिया खूनी रूप, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से पीटकर की गई हत्या
रानी सिन्हा की रिपोर्ट, बिहार शरीफ, नालंदा। नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नदियौना गांव में बुधवार की देर रात शादी समारोह में नाच गान के दौरान मामूली विवाद में एक अधेड़ की लाठी-डंडे एवं कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। मृतक (49) वर्षीय उपेंद्र मांझी है।
उपेंद्र मांझी के बेटे गुलशन कुमार ने बताया कि गांव में ही धाम से लौटकर अशोक मांझी के बेटे की बारात आई थी जिसमें गाना बज रहा था उसके पिता बारात से आए और घर में बाइक लगाकर नाचने चले गए। जहां डीजे की धुन पर नाचने के दौरान गांव के ही हरिमुनि मांझी के बहू में टच कर गए। इसके बाद हरिमुनि मांझी एवं उसके घर वालों से नोकझोंक एवं धक्का मुक्की हुई। पिता लौटकर घर आ गए। पीछे-पीछे हरिमुनि मांझी और करीब 10 से 15 अन्य लोग भी घर पहुंच गए और जबरन पिता को कमरे से बाहर निकाल मारपीट करने लगे। उन पर कुल्हाड़ी से वार किया जिससे उनका सिर फट गया। जब वह बदमाशों के चंगूल से छूटकर किसी तरह से नदी की तरफ भागे तो बदमाश उनका पीछा करते हुए नदी की तरफ भी पहुँच गए और उन पर लाठी डंडे से प्रहार कर उनकी हत्या कर दी।

उपेंद्र मांझी की बहू पुनीता देवी ने बताया कि हरिमुनि मांझी और अन्य लोग उनके दरवाजे पर आ गए और उन लोगों को भी भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। उन लोगों को भी जबरन कमरे से बाहर निकाला जाने लगा। किसी तरह से वे लोग खुद को घर के अंदर बंद कर ली जिसके कारण उनलोगों की जान बच सकी। ससुर पर जबरन आरोप लगा रहे थे कि जानबूझकर वह महिला में टच कर गए।
उपेंद्र मांझी के चार बेटे एवं दो बेटियां हैं। तीन बेटे काम के सिलसिले में दूसरे प्रदेश गए हुए हैं। उपेंद्र मांझी राशन का दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है। वहीं परिजनों के चित्कार से गांव का माहौल गमगीन हो गया है। घर के दरवाजे पर खून से सनी मिट्टी अभी भी मौजूद है। वहीं आरोपियों के द्वारा घर के समान को भी तोड़ दिया गया है।

वहीं इस मामले में दीपनगर थाना अध्यक्ष राजमणि ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हरिमुनि मांझी, उनके तीन बेटे सहित पवन मांझी,सुधीर मांझी एवं एक अन्य नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन अनुसंधान कर रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
