नालंदा में पुलिसकर्मी के घर लाखों की चोरी

0
Screenshot_20260226_173111_WhatsApp

रानी सिन्हा की रिपोर्ट,

शादी में गया था परिवार, सूने मकान का ताला तोड़ जेवरात और दो लाख नगद ले उड़े चोर

बिहारशरीफ (नालंदा)। जिले के बिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेल कॉलेज के समीप चोरों ने पुलिस विभाग में कार्यरत एक जवान के घर में बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने बंद पड़े मकान का मेन गेट का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया और कमरों व अलमारी के ताले तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के जेवरात एवं करीब दो लाख रुपये नगद लेकर फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित सुधीर कुमार, जो भागलपुर पुलिस में पीटीसी पद पर कार्यरत हैं, 24 फरवरी की शाम अपने परिवार के साथ चचेरे देवर की शादी में शामिल होने के लिए पैतृक गांव, सारे थाना क्षेत्र के कैला गांव गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया।

1001280487

परिवार की सदस्य सीमा कुमारी ने बताया कि बदमाशों ने पहले मेन गेट का लॉक काटा और उसके बाद घर के अंदर लगे कमरों के ताले भी तोड़ दिए। सुबह पड़ोसी द्वारा सूचना मिलने पर जब वे गांव से लौटे तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और कीमती वस्तुएं गायब थीं।

चोरी गए सामानों में सोने की चैन, मांगटीका, अंगूठी, सोने की कानवाली सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अतिरिक्त करीब दो लाख रुपये नगद, टैब, मोबाइल फोन, कासा-पीतल के बर्तन तथा महत्वपूर्ण कागजात भी चोर अपने साथ ले गए।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। पड़ोसी अनिरुद्ध ठाकुर, जो वर्तमान में असम राइफल्स में तैनात हैं, ने बताया कि उनके घर में भी पूर्व में चोरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आए दिन आपराधिक घटनाएं हो रही हैं।

वहीं पड़ोसी एवं शिक्षक राजदेव प्रसाद ने बताया कि बीते वर्ष उनके घर में भी इसी प्रकार की चोरी हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले पुलिस द्वारा नियमित रात्रि गश्ती की जाती थी, लेकिन अब गश्ती में कमी आई है, जिसका परिणाम है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं।

सबसे हैरानी की बात यह है कि बदमाश करीब तीन से चार घंटे तक घर के अंदर रहे और ताले तोड़ते रहे, लेकिन आसपास के किसी भी व्यक्ति को इसकी भनक तक नहीं लगी। जबकि घर के आसपास घनी आबादी है। इस पहलू को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

इधर, बिहार थाना अध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि चोरी की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है तथा एफएसएल टीम को साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया गया था। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *