हासनचक में शिव प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के दौरान धूमधाम से मनाया गया कृष्ण जन्मोत्सव, भक्तिमय हुआ वातावरण

0
IMG-20260226-WA0003

राकेश कुमार की रिपोर्ट,

हरनौत (नालंदा)। हरनौत प्रखंड के डिहरी पंचायत अंतर्गत हासनचक गांव में आयोजित शिव प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के चौथे दिन बुधवार की संध्या भागवत कथा के दौरान कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरा गांव भक्तिरस में डूबा नजर आया और पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

कथा वाचक बाबा अमरकांत पाण्डेय ने श्रीमद्भागवत कथा के क्रम में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने देवकी-वासुदेव की कथा, कंस के अत्याचार और भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य अवतार की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। कथा के दौरान जैसे ही “राजा जी बधनवा दे द…” भजन गूंजा, श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठे। पूरा वातावरण जयकारों और तालियों की गूंज से गुंजायमान हो गया।

उत्सव के अवसर पर पुजारी अवधेश कुमार एवं उनकी पत्नी बिभा कुमारी ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशी में केक काटकर कार्यक्रम को विशेष रूप दिया। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और भक्ति भाव से भगवान का स्मरण किया।

1001279037

कार्यक्रम के दौरान आकर्षक सजावट, झांकी और भजन-कीर्तन ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि शिव प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के तहत प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, कथा व प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

कृष्ण जन्मोत्सव के इस आयोजन ने हासनचक गांव को पूरी तरह भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया और श्रद्धालुओं ने देर रात तक भजन-कीर्तन का आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *