कुंदन कुमार व भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में होली को लेकर हाई लेवल बैठक, डीजे व अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध, संवेदनशील इलाकों में मजिस्ट्रेट व पुलिस बल तैनात
शंकर कुमार, बिहार शरीफ, नालंदा। होली पर्व के मद्देनजर जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर शुक्रवार को जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने की।
बैठक में जिला शांति समिति के गणमान्य सदस्यों ने होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए। इस वर्ष होली का त्योहार 2, 3, 4 और 5 मार्च 2026 तक मनाया जाएगा। 2 मार्च को होलिका दहन, 3 एवं 4 मार्च को रंगों की होली तथा 5 मार्च को झुमटा एवं मटका फोड़ का आयोजन होगा।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि होली आपसी भाईचारे और हर्षोल्लास का पर्व है, जिसे सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से जिले में पूर्व में भी पर्व शांतिपूर्वक संपन्न होते रहे हैं। उन्होंने अपील की कि किसी भी छोटी-बड़ी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत जिला एवं पुलिस प्रशासन को दें, ताकि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि होली को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तत्पर है। संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील स्थलों पर विशेष दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा गश्ती दल सक्रिय रहेंगे। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अफवाह न फैले। लहरिया कट चलाने वाले बाइकर्स पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
होली के अवसर पर डीजे एवं अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। टेंपू एवं ई-रिक्शा में अश्लील गाना बजाते पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से छोटी-छोटी गलियों में भी निगरानी रखी जाएगी। भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं रेलवे स्टेशन पर सुबह और देर रात विशेष गश्ती की व्यवस्था रहेगी।

मादक पदार्थों की सप्लाई रोकने के लिए वाहनों की सघन जांच की जा रही है। होलिका दहन के दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ियां अलर्ट मोड में रहेंगी तथा अस्पतालों को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। बिजली विभाग को ढीले तारों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में पानी, बिजली, सीसीटीवी की कार्यशीलता तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया है। होली के दौरान शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए सभी संवेदनशील स्थलों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, सहायक प्रशिक्षु समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक सहित अन्य पदाधिकारी एवं जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
