बियाबानी गांव में प्रजापति समाज भवन का शिलान्यास
समाज की एकजुटता, शिक्षा और संगठन को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
संजीव कुमार बिट्टू की रिपोर्ट, बिहार शरीफ नालंदा। जिले के बियाबानी गांव में बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति, जिला नालंदा के तत्वावधान में प्रजापति समाज के सामुदायिक भवन निर्माण का विधिवत शिलान्यास किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और भूमि पूजन के साथ भवन की नींव रखी गई। इस ऐतिहासिक अवसर पर समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के जिला अध्यक्ष सुबोध पंडित ने की। इस अवसर पर संरक्षक मंगल पंडित, पूर्व जिला अध्यक्ष जनार्दन पंडित, जिला सचिव संजीव कुमार बिट्टू, सुजीत पंडित, दिनेश पंडित सहित समाज के कई गणमान्य लोग मंच पर मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को समाज के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष सुबोध पंडित ने कहा कि लंबे समय से समाज के लिए एक सामुदायिक भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब भवन निर्माण शुरू होने से समाज को एक स्थायी मंच मिलेगा, जहां बैठकें, सामाजिक कार्यक्रम, शैक्षणिक संगोष्ठियां, प्रशिक्षण शिविर तथा सांस्कृतिक आयोजन किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि इससे समाज में एकजुटता बढ़ेगी और संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।

संजीव कुमार बिट्टू, जिला सचिव, बिहार कुम्हार प्रजापति सम्वय समीति
जिला सचिव संजीव कुमार बिट्टू ने कहा कि यह भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। यहां बच्चों और युवाओं के लिए शिक्षा, मार्गदर्शन और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने समाज के सभी लोगों से भवन निर्माण में आर्थिक और श्रमदान के रूप में सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के उत्थान के लिए एकता और संगठन बेहद आवश्यक है। सामुदायिक भवन बनने से सामाजिक गतिविधियों को गति मिलेगी और समाज की पहचान मजबूत होगी।
अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एकजुट होकर भवन निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने का संकल्प लिया। समाज के सर्वांगीण विकास, शिक्षा के प्रसार और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
