कर्पूरी ठाकुर की 102वीं पुण्यतिथि पर पखवारा समारोह आयोजित
राकेश कुमार की रिपोर्ट,
हरनौत (नालंदा)। हरनौत बाजार के कल्याण बीघा रोड स्थित एक निजी मैरिज हॉल में गुरुवार दोपहर 1 बजे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सामाजिक न्याय के पुरोधा जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102वीं पुण्यतिथि पर पखवारा समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। समारोह में उपस्थित अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर कल्याण बीघा थाना अध्यक्ष राजकुमार चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजक शशि रंजन सुमन उर्फ शिपू ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि पुण्यतिथि समारोह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समानता के संकल्प को दोहराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने मंडल आयोग लागू होने से पूर्व ही बिहार की राजनीति में सामाजिक बदलाव की मजबूत नींव रख दी थी। साधारण परिवार में जन्म लेने के बावजूद उन्होंने संघर्ष, प्रतिबद्धता और ईमानदारी के बल पर वह मुकाम हासिल किया, जो उस दौर में उनकी पृष्ठभूमि के लोगों के लिए असंभव माना जाता था।
उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, पिछड़ों, दलितों और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित किया। वे केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की सशक्त विचारधारा और प्रतीक थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जननायक की विरासत को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक न्याय और भाईचारे को मजबूत करें।
समारोह के दौरान नाई समाज के लोगों ने संगठन को मजबूत बनाने, शिक्षा को बढ़ावा देने, सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही प्रखंड स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने और समाज को एकजुट करने का आह्वान किया गया।
बैठक में श्रीकांत ठाकुर, सुनील, सुरेंद्र, उपेंद्र, शंभू, अमर, अनिल, बबलू, राजेंद्र, रामप्रवेश, अशोक, राजबलम, बालेश्वर, गिन्हारी सहित बिहार के विभिन्न जिलों एवं प्रखंड क्षेत्रों से आए दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
