झारखंड के गोड्डा जिले के जनप्रतिनिधियों का नालंदा की चोरसुआ पंचायत में एक्सपोजर विजिट, मनरेगा, ग्राम कचहरी व पंचायत विकास कार्यों से हुए प्रभावित
प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट
गिरियक (नालंदा)। झारखंड के गोड्डा जिला अंतर्गत प्रखंड सुन्दर पहाड़ी की विभिन्न पंचायतों — बड़ा पाकतरी, बड़ा सिंदरी, चंदना, गोराडीह एवं बड़ा धमनी — से आए पंचायत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने नालंदा जिले के विभिन्न पंचायतों का एक्सपोजर विजिट किया। इसी क्रम में प्रतिभागियों द्वारा गिरियक प्रखंड के चोरसुआ पंचायत का भ्रमण कर वहां संचालित विकास कार्यों का गहन अवलोकन किया गया।
चोरसुआ पंचायत सरकार भवन पहुंचने पर सभी प्रतिभागियों का पंचायत के मुखिया चंदन कुमार एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। झारखंड से आई टीम ने पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और कार्यों का स्थल निरीक्षण किया।

इस दौरान गोड्डा जिले के बड़ा धमनी पंचायत के उपमुखिया दशरथ कुमार शाह ने बताया कि झारखंड में मनरेगा के तहत केवल कच्चे कार्य ही कराए जाते हैं, जबकि चोरसुआ पंचायत में मनरेगा योजना से कच्चे के साथ-साथ पक्के कार्यों का सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां निर्मित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, खेल का मैदान, हर खंधे तक कच्ची सड़क सहित अन्य कार्य अत्यंत सराहनीय हैं और वे इन्हें झारखंड में लागू करने का पूरा प्रयास करेंगे।
एक्सपोजर विजिट के दौरान बिहार की ग्राम कचहरी व्यवस्था को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। झारखंड से आए जनप्रतिनिधियों ने ग्राम कचहरी की स्थापना एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना करते हुए कहा कि ग्राम स्तर पर सस्ती, सरल और त्वरित न्याय व्यवस्था झारखंड में भी लागू की जानी चाहिए। प्रतिभागियों ने ग्राम कचहरी में आए मामलों के निपटारे की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा।

झारखंड से आए जनप्रतिनिधियों ने बिहार में पंचायत स्तर पर हुए विकास कार्यों की खुलकर सराहना की और कहा कि वे इन योजनाओं को अपने राज्य में भी जमीन पर उतारने की तैयारी करेंगे।
इस मौके पर चोरसुआ पंचायत के मुखिया चंदन कुमार ने कहा कि झारखंड के जनप्रतिनिधियों द्वारा पंचायत के कार्यों की लगातार प्रशंसा किया जाना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि चोरसुआ पंचायत के विकास मॉडल को झारखंड में अपनाया जाना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास योजनाओं की सफलता को दर्शाता है।

एक्सपोजर विजिट टीम में बड़ा पकतरी पंचायत के मुखिया धर्मेंद्र पहाड़िया, श्रीकांत पहाड़िया, मनोज पहाड़िया, सीताराम पहाड़िया, राम पहाड़िया, बड़ा सिंदरी पंचायत के मुखिया, पंचम झा (पंचायत सचिव, बड़ा पकतरी) सहित कुल 40 सदस्यीय दल उपस्थित रहा।
