हड़ौल गांव में आग से झुलसकर वृद्ध की मौत, मुख्यमंत्री अनुग्रह योजना से परिजनों को ₹4 लाख सहायता

0
IMG-20260206-WA0066

रानी सिन्हा की रिपोर्ट, नूरसराय (नालंदा)।

नूरसराय प्रखंड के नीरपुर पंचायत अंतर्गत हड़ौल गांव में शुक्रवार अहले सुबह एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय वृद्ध की आग से झुलसकर मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान देवन यादव (60 वर्ष), पिता प्रसादी यादव के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवन यादव सुबह शौच के लिए घर से बाहर गए थे। लौटने के बाद ठंड से बचने के लिए घर के पास आग जलाई। इसी दौरान पास में रखे पुआल के ढेर में आग लग गई, जो तेजी से फैलते हुए उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

ग्रामीणों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। जब तक लोग आग पर काबू पाते, तब तक देवन यादव की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडर्न अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं प्रभारी अंचलाधिकारी जियाउल हक भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा मुख्यमंत्री अनुग्रह अनुदान योजना के तहत मृतक के पुत्र पिंटू यादव को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *