रहुई उच्च विद्यालय में गेटयुक्त चहारदीवारी व पहाड़ी तिराहा से कुशवाहा धर्मशाला तक आरसीसी नाला निर्माण कार्य का शुभारंभ

0
1001272366

बिहार शरीफ नालंदा, शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट, मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत रहुईं नगर पंचायत स्थित रहुई उच्च विद्यालय में गेटयुक्त चहारदीवारी निर्माण एवं बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र में पहाड़ी तिराहा से कुशवाहा धर्मशाला तक आरसीसी नाला निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ 22 फरवरी 2026 को स्थानीय विधायक डॉ. सुनील कुमार द्वारा किया गया।

इन दोनों योजनाओं पर क्रमशः लगभग 58 लाख रुपये तथा 1 करोड़ 81 लाख 64 हजार 474 रुपये की लागत आएगी। क्षेत्र में जलनिकासी की स्थायी समस्या के समाधान की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

शुभारंभ समारोह के दौरान विधायक डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि चुनाव के समय क्षेत्रवासियों ने जलजमाव की गंभीर समस्या से उन्हें अवगत कराया था। जनता की मांग को प्राथमिकता देते हुए इस योजना की अनुशंसा की गई और अब इसका शिलान्यास कर कार्य प्रारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि नाला निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद छोटी पहाड़ी, बड़ी पहाड़ी, मानसून नगर तथा कुशवाहा धर्मशाला क्षेत्र में जलजमाव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

1001272364

विधायक ने कहा कि वे नियमित रूप से अपने विधानसभा क्षेत्र का निरीक्षण करते हैं और जहां भी आधारभूत सुविधाओं की कमी दिखाई देती है, वहां योजना बनाकर उसे पूरा कराने का प्रयास करते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि बड़ी पहाड़ी स्थित फिटनेस पार्क तक जाने वाले मार्ग के निर्माण की भी अनुशंसा की गई है।

इसके अतिरिक्त पहाड़ी क्षेत्र में मंदिर निर्माण का कार्य भी कराया जा रहा है, जिसमें सभी वर्गों के लोगों से स्वैच्छिक सहयोग लिया जाएगा, ताकि सामूहिक सहभागिता से धार्मिक स्थल का विकास हो सके। उन्होंने बताया कि पहाड़ क्षेत्र को आकर्षण का केंद्र बनाने के उद्देश्य से लगभग 20 फीट ऊंची भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापित करने की योजना है।

विधायक ने यह भी कहा कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत 11 विभिन्न विकास योजनाओं की अनुशंसा की गई है, जिनका कार्य चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है। बड़ी पहाड़ी से मुगल कुआं तक सड़क निर्माण का कार्य भी पूरा कराया जा चुका है।

1001272365

डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि चुनाव के दौरान महिलाओं ने पहाड़ी क्षेत्रों में पेयजल समस्या की शिकायत की थी। इसके समाधान के लिए पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई है तथा नगर निगम के सहयोग से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पहाड़ी क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं और वहां सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।

अंत में विधायक ने कहा कि वर्ष 2005 से विधायक बनने के बाद उन्होंने निरंतर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य किया है और आगे भी जनता के सेवक के रूप में समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *