शिव प्राण प्रतिष्ठा सह रुद्र महायज्ञ को लेकर भव्य कलश यात्रा, हासनचक गांव में गूंजे ‘हर हर महादेव’ के जयकारे

0
IMG-20260223-WA0011

हरनौत (नालंदा)। प्रखंड के डीहरी पंचायत स्थित हासनचक गांव में भगवान शिव के प्राण प्रतिष्ठा सह रुद्र महायज्ञ और संत मिलन समारोह का शुभारंभ रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। गांव के सभी ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत पटना जिले के बख्तियारपुर प्रखंड स्थित गवासपुर गंगा घाट से की गई।

गवासपुर गंगा घाट से 201 कलश में गंगाजल भरकर श्रद्धालु पैदल मार्च करते हुए हासनचक गांव पहुंचे। पूरे मार्ग में ‘हर हर महादेव’ और ‘राधे-राधे, राधे कृष्णा’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। गांव पहुंचने के बाद ब्रह्मकुंड में विधिवत कलश स्थापित कर श्रद्धालुओं ने विश्राम किया।

1001272088

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश से पधारे बाबा रवि शास्त्री जी ने प्रवचन के दौरान कहा—
“तुलसी इस संसार में पंच रतन है सार,
साधु मिलन हरि भजन दया धर्म उपकार।”

साथ ही उन्होंने कहा—
“तुलसी पंछी के पिये घटे न सरिता नीर,
दान दिए धन ना घटे जो सहाय रघुवीर।”

उन्होंने बताया कि पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, अखंडता, प्रेम और आपसी भाईचारा बढ़ता है। भगवान की भक्ति और प्राण प्रतिष्ठा से लोगों में नई ऊर्जा का संचार होता है, जिससे शारीरिक एवं मानसिक विकास दोनों संभव होता है। मंदिर की स्थापना से ग्रामीणों में सकारात्मक सोच का विकास होता है और लोग प्रतिदिन जलाभिषेक कर अपने कार्य में लग जाते हैं।

प्राण प्रतिष्ठा के पुजारी अवधेश कुमार उर्फ पप्पू ने बताया कि गांववासियों के सहयोग से हासनचक में भव्य शिव मंदिर का निर्माण कराया गया है। 201 कलश लाकर ब्रह्मकुंड में स्थापित किए गए हैं। भगवान शिव के प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही रुद्र महायज्ञ का आयोजन भी किया जा रहा है। प्रतिदिन संध्या में अयोध्या धाम से आए बाबा श्री शंभू नाथ बाबा अपने प्रवचनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं।

इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीण ललन पासवान, भगवान दास, शिव महादेव सहित अन्य ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही।

महायज्ञ के प्रारंभ होते ही आसपास के गांवों से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। गांव में अस्थायी रूप से मेला जैसा माहौल बन गया है। खेल मैदान में विभिन्न प्रकार के झूले, बच्चों के खिलौने और मिनी बाजार सजाए गए हैं, जिससे बच्चों और ग्रामीणों में उत्साह देखा जा रहा है।

कार्यक्रम में छात्राओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। छात्रा भूमिका भारती ने बताया कि पूजा-पाठ से मानसिक संतुलन और पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ती है। छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी भाग लेना चाहिए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।

इस आयोजन में अयोध्या धाम से पधारे बाबा शंभू नाथ, यज्ञ आचार्य पंडित अमरकांत पांडे, बाबा रवि शास्त्री सहित दर्जनों साधु-संतों की उपस्थिति से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। गांव में चल रहे रुद्र महायज्ञ और प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!