मुख्यमंत्री ने अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता वैभव सूर्यवंशी को 50 लाख रुपये से किया सम्मानित

0
IMG-20260222-WA0007

रानी सिंह की रिपोर्ट,

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को एक अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प सभागार’ में आयोजित एक भव्य समारोह में अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप-2026 की विजेता भारतीय टीम के सदस्य वैभव सूर्यवंशी को 50 लाख रुपये का चेक एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंडर-19 वर्ल्ड कप-2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत में वैभव सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वैभव भविष्य में भारतीय सीनियर टीम के लिए भी नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

1001272355

श्री कुमार ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बिहार में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएँ मिल सकें। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने वैभव सूर्यवंशी को राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा बताते हुए कहा कि उनकी सफलता यह दर्शाती है कि प्रतिभा और परिश्रम के दम पर कोई भी ऊंचाइयों को छू सकता है। उन्होंने वैभव को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव अनुपम कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, खेल विभाग के सचिव महेंद्र कुमार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रण शंकरण, बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधि राकेश तिवारी सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।

इस मौके पर वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव सूर्यवंशी, भाई उज्ज्वल एवं आशीर्वाद सूर्यवंशी तथा अभिजीत डिसूजा भी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से युवा खिलाड़ी का उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *