बिंद में दहेज उत्पीड़न के फरार आरोपियों के घर कुर्की-जब्ती
रानी सिन्हा की रिपोर्ट,
बिंद (नालंदा)। स्थानीय थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में पुलिस ने दहेज उत्पीड़न मामले में वर्षों से फरार चल रहे चार आरोपियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके घरों की कुर्की-जब्ती की। यह कार्रवाई माननीय न्यायालय के आदेश पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई।
कुर्की-जब्ती की कार्रवाई गोविंदपुर निवासी मिथलेश कुमार, मुकेश कुमार, रामशीष रविदास और रंजू देवी के खिलाफ की गई। थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि इन सभी आरोपियों के विरुद्ध वर्ष 2022 में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही सभी आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे थे।

पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों को आत्मसमर्पण के लिए पूर्व में उनके घरों पर इश्तेहार भी चिपकाया गया था। इसके बावजूद न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर अदालत ने कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया। गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी जफरुद्दीन बतौर दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) इस कार्रवाई के दौरान उपस्थित रहे।
पुलिस ने बंद पड़े घरों को खोलकर वहां रखे फर्नीचर, बर्तन एवं अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं को जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त किए गए सभी सामानों की विस्तृत सूची तैयार की जा रही है, जिसे साक्ष्य के रूप में माननीय न्यायालय को सुपुर्द किया जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
