अमेज वाटर वर्ल्ड हंगामा जोन 7 मार्च से होगा शुरू, ग्राहकों के लिए आकर्षक ऑफर की घोषणा
रानी सिन्हा/ राजीव लोचन की रिपोर्ट,
राजगीर (नालंदा)। गर्मी के मौसम की दस्तक के साथ ही पर्यटकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। राजगीर के सिथौरा स्थित अमेज वाटर वर्ल्ड हंगामा जोन एक बार फिर 7 मार्च से आम लोगों के लिए अपने दरवाजे खोलने जा रहा है। हर साल की तरह इस बार भी पार्क प्रबंधन ने नए सीजन की शुरुआत खास तैयारियों और आकर्षक ऑफरों के साथ करने का निर्णय लिया है।
वाटर पार्क के निदेशक आशीष कुमार जैन ने बताया कि 5 मार्च को पार्क परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना कर नए सत्र का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद 7 मार्च से आम पर्यटकों के लिए पार्क को खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में लोगों को सुरक्षित और मनोरंजक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
इस बार ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर की भी घोषणा की गई है। प्रति व्यक्ति ₹500 के टिकट पर पूरे दिन वाटर पार्क में प्रवेश की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही प्रत्येक टिकट पर एक फूड कूपन भी दिया जाएगा, जो उस दिन के लिए बिल्कुल निःशुल्क और अनलिमिटेड होगा। यानी प्रवेश के साथ भोजन की भी सुविधा उपलब्ध रहेगी। इतना ही नहीं, एक अतिरिक्त फ्री टिकट भी दिया जाएगा, जिसका उपयोग 15 मार्च से 30 अप्रैल के बीच किसी भी दिन किया जा सकता है। इस प्रकार एक टिकट पर दो बार मस्ती करने का मौका मिलेगा।

निदेशक ने बताया कि यह ऑफर खास तौर पर परिवारों, बच्चों और युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि कम खर्च में अधिक आनंद लिया जा सके। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से यह वाटर पार्क नालंदा जिले सहित पटना, नवादा, शेखपुरा और आसपास के अन्य जिलों के लोगों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पार्क में मौजूद भव्य और विशाल मानव निर्मित वॉटरफॉल विशेष रूप से लोगों को आकर्षित करता है। यह कृत्रिम झरना प्राकृतिक वॉटरफॉल जैसा अनुभव देता है, जो बिहार में अपनी तरह का अनूठा आकर्षण माना जाता है। इसके अलावा विभिन्न प्रकार की वॉटर स्लाइड्स, वेव पूल, बच्चों के लिए अलग प्ले एरिया और सुरक्षित स्विमिंग जोन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
गर्मी के दिनों में लोग परिवार और दोस्तों के साथ यहां पहुंचकर मौज-मस्ती का आनंद लेते हैं। पार्क प्रबंधन ने सुरक्षा और स्वच्छता के विशेष इंतजाम करने का भी दावा किया है, ताकि पर्यटकों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
नए सीजन की शुरुआत के साथ एक बार फिर राजगीर का यह वाटर पार्क लोगों के मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनने को तैयार है।
