पैठना डेंटल कॉलेज के समीप ट्रैक्टर और बाइक की भीषण टक्कर, पति-पत्नी की दर्दनाक मौत

0
IMG-20260717-WA0003

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर शुरू की जांच

राकेश कुमार संबाददाता नालंदा

नालंदा जिले के वेना थाना क्षेत्र अंतर्गत पैठना स्थित डेंटल कॉलेज के समीप ओवरब्रिज पर शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान ही दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतकों की पहचान बेलछी थाना क्षेत्र के जोधन बीघा गांव निवासी विजय साब के 37 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार तथा उनकी 30 वर्षीय पत्नी विनीता देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों किसी आवश्यक कार्य से बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान पैठना डेंटल कॉलेज के समीप ओवरब्रिज पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

1001606750

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वेना थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेजा गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

वेना थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची थी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है तथा चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में भी इस हृदयविदारक घटना के बाद मातम का माहौल है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से ग्रामीणों में गहरा दुख व्याप्त है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पीछे से ट्रैक्टर में टक्कर मारी है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *