वित्तरहित शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए कमिटी गठित, मुख्यमंत्री ने कहा- संवाद से होगा समाधान
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित वित्तरहित शिक्षकों के अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वित्तरहित शिक्षकों एवं उनके प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए एक कमिटी का गठन भी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के हित में निरंतर कार्य करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार का दायित्व है। राज्य सरकार बिहार की शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि 15 जुलाई को एक साथ 211 डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू कराई गई तथा 2,500 असिस्टेंट प्रोफेसरों की बहाली की गई। सरकार का उद्देश्य है कि बिहार के बच्चों को अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो और उन्हें बेहतर शिक्षक मिलते रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ योग्य शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर सरकार का विशेष ध्यान है। उन्होंने वित्तरहित शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए गठित कमिटी के माध्यम से आवश्यक पहल किए जाने की बात कही।
