26 सितंबर को बिहारशरीफ में सजेगा कविताओं का महाकुंभ, नगर भवन में जुटेंगे दिग्गज कवि
दमदार बनारसी से डॉ. दीप्ति शिखा तक, बिहारशरीफ में लगेगा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का रंग
बिहारशरीफ। शहर के नगर भवन में आगामी 26 सितंबर को नवोत्साह साहित्य संगम के तत्वावधान में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में देशभर में अपनी रचनाओं और काव्य प्रस्तुतियों के लिए पहचान रखने वाले कवियों की मौजूदगी रहेगी।
आयोजन में दमदार बनारसी, डॉ. दीप्ति शिखा और ओंकार शर्मा कश्यप जैसे चर्चित कवि अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को साहित्य और हास्य-व्यंग्य की विविध रंगों से रूबरू कराएंगे। कार्यक्रम को लेकर साहित्य प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, इस कवि सम्मेलन का खास उद्देश्य नए और बाल कवियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है। नवोदित रचनाकारों को अनुभवी एवं स्थापित कवियों के साथ मंच साझा करने का मौका मिलेगा, जिससे उनमें साहित्य के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ेगा।
नवोत्साह साहित्य संगम की ओर से कार्यक्रम को यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है। साहित्य प्रेमियों और शहरवासियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है।
