रहुई बाजार में सनसनी: पति ने लोहे की रॉड से पत्नी की हत्या, वारदात के बाद फरार

0
IMG-20260722-WA0005

नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के रहुई बाजार स्थित वार्ड संख्या-1 में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की लोहे की रॉड से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
मृतका की पहचान रहुई बाजार निवासी पंकज राम की लगभग 30 वर्षीय पत्नी रिंकी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी पति ने लोहे की रॉड से रिंकी कुमारी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति घर से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति ने लोहे की रॉड से पत्नी के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
डीएसपी ने बताया कि हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का दावा पुलिस ने किया है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा जांच में सहयोग करने की अपील की है। फिलहाल रहुई थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *