मोदी के 12 साल पूरा होने पर भाजपा ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां, मंत्री संजय सिंह टाइगर बोले- दुनिया में बढ़ा भारत का मान-सम्मान
बिहारशरीफ/मेहनोंर, संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मेहनोंर स्थित भाजपा कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की विभिन्न उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के उच्च शिक्षा एवं कानून मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है और आर्थिक, सामरिक तथा कूटनीतिक क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, लेकिन वर्तमान विपक्ष जनता के मुद्दों को उठाने के बजाय केवल विरोध की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने में असफल साबित हुआ है, जिसके कारण उसकी स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।
उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जनधन योजना तथा स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। साथ ही सड़क, रेल, हवाई अड्डों, एक्सप्रेस-वे और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है।

संजय सिंह टाइगर ने कहा कि मोदी सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ देश को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी जैसे कठिन दौर में भी भारत ने अपनी क्षमता और नेतृत्व का परिचय दिया तथा विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा नेताओं ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आने वाले वर्षों में विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल होगा।
अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
