नालंदा में ट्रेन से कटकर महिला की मौत, दवा लेने घर से निकली थी
नालंदा (बिहारशरीफ)। राजगीर–बख्तियारपुर रेलखंड के नालंदा स्टेशन के पास बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान बेन थाना क्षेत्र के सिद्धि बीघा गांव निवासी कपिंद्र प्रसाद की पत्नी सुजाता देवी (44 वर्ष) के रूप में की गई है।
परिजनों के अनुसार सुजाता देवी दवा लाने के लिए घर से निकली थीं और बख्तियारपुर जाने हेतु नालंदा स्टेशन से ट्रेन पकड़ने पहुंची थीं। इसी दौरान राजगीर–पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन पर चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया और वे पटरी पर गिर गईं। ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतका के ननद के पति सुभाष ने बताया कि हादसे की सूचना रेल पुलिस द्वारा परिवार को दी गई। खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां शव को देख परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बिहार शरीफ रेल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया।
रेल थाना अध्यक्ष संजय पंडित ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेन पर चढ़ने के दौरान फिसलकर गिरने से हादसा हुआ है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
