कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई इंटर परीक्षा, नालंदा में 44 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल, लेट से पहुंचे छात्रों को नहीं मिली एंट्री, दीवार फांदकर घुसने की कोशिश; हंगामे के बीच प्रशासन सख्त

0
20260202_092111

बिहारशरीफ (नालंदा)। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा सोमवार से जिले के 40 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। यह परीक्षा 13 फरवरी तक चलेगी। जिले में कुल 44,352 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिनमें 23,132 छात्र और 21,220 छात्राएं हैं।

पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे प्रारंभ हुई, जबकि सभी केंद्रों के मुख्य द्वार 9 बजे बंद कर दिए गए। देर से पहुंचे कई छात्रों को प्रवेश नहीं मिला। कुछ परीक्षार्थियों ने दीवार फांदकर अंदर जाने की कोशिश की। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जबरन प्रवेश करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

1001226583

इधर, एसएस बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में देर से पहुंचे एक इनविजिलेटर और क्लर्क को प्रवेश दिए जाने पर परिजनों ने विरोध जताया। देखते ही देखते मामला हंगामे में बदल गया और सुरक्षाकर्मियों से नोकझोंक की स्थिति उत्पन्न हो गई।

जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने केंद्राधीक्षकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। जिलेभर में 115 स्टैटिक दंडाधिकारी, 38 गश्ती दल दंडाधिकारी, 20 उड़नदस्ता (जोनल) और 8 सुपर जोनल दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। सभी केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है तथा केंद्र के 500 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू है।

1001222498

जिला शिक्षा पदाधिकारी आनंद विजय ने बताया कि परीक्षार्थियों को जूता-मोजा पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं है। सभी को चप्पल पहनकर ही आना होगा। प्रवेश से पूर्व त्रिस्तरीय जांच की जा रही है। महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मी कर रही हैं। मोबाइल, स्मार्ट वॉच समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। नकल रोकने के लिए परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।

प्रथम पाली के लिए सुबह 9 बजे तक और द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे तक केंद्र में प्रवेश अनिवार्य किया गया है। निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

1001226665
देवशरण महिला कॉलेज में परीक्षा में लेट होने पर परीक्षा से वंचित परीक्षार्थी

पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बताया कि परीक्षा अवधि में असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। शहर में जाम की समस्या से बचाव के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *