नालंदा में पत्नी और बेटे ने मिलकर कराई पति की हत्या: 16 साल पुराने संपत्ति विवाद का खौफनाक अंजाम, शूटर समेत तीन गिरफ्तार

0
crime

नालंदा (बिहार): जिले के छबीलापुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी और बेटे ने मिलकर ऑटो चालक पति की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम तक पहुंचाया। हिलसा डीएसपी-1 रंजन कुमार ने गुरुवार को इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मृतक की पत्नी और बेटा फिलहाल फरार हैं।

शूटर को दी गई थी 10 हजार की सुपारी

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक धर्मवीर यादव की पत्नी मनिता देवी ने अपने ही दामाद के भाई धीरज यादव को 10 हजार रुपए की सुपारी देकर हत्या करवाई। धीरज ने अपने दो दोस्तों, विवेक कुमार (निवासी मसौढ़ी) और सत्य प्रकाश भारती के साथ मिलकर 27 मार्च को धर्मवीर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के समय धर्मवीर कोर्ट से वापस लौट रहा था।

पति-पत्नी के बीच 16 साल से चल रहा था विवाद

डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि धर्मवीर और उसकी पत्नी के बीच बीते 16 वर्षों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद के चलते पत्नी मनिता देवी मायके चली गई थी और बेटा चंदन भी मां के साथ ही रह रहा था। दोनों को लगता था कि धर्मवीर की मौत के बाद वे संपत्ति के मालिक बन जाएंगे, इसी सोच में हत्या की साजिश रची गई।

nalanda police

पिता से अलग रह रहा था बेटा

धर्मवीर अपने बेटे को अपने साथ रखना चाहता था, लेकिन बेटा मां के साथ ही रहना पसंद करता था। धर्मवीर अकेले रह रहे थे और संपत्ति का मामला हिलसा कोर्ट में लंबित था। 27 मार्च को कोर्ट में पेशी के बाद लौटते समय अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें धर्मवीर की मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें चार गोलियां मारी गई थीं।

तीन आरोपी गिरफ्तार, मां-बेटे की तलाश जारी

पुलिस ने इस मामले में शूटर धीरज यादव और उसके साथी विवेक कुमार एवं सत्य प्रकाश भारती को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से बुलेट बाइक और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। वहीं, हत्या की साजिश रचने वाली मृतक की पत्नी और बेटा अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की तफ्तीश जारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *