नालंदा में युवाओं को मिलेगा टूल किट व स्टडी किट का लाभ, 30 जनवरी तक आवेदन
बिहारशरीफ (नालंदा)। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार, पटना द्वारा संचालित नियोजन सेवा का विस्तार योजना के तहत नालंदा जिले के युवाओं को स्वरोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु Tool Kit एवं Study Kit योजना का लाभ दिया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
Tool Kit योजना के अंतर्गत इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स रिपेयर, मोबाइल रिपेयर, फिटर, प्लंबर, होम अप्लायंस रिपेयर, ब्यूटीशियन एवं सिलाई मशीन ऑपरेटर जैसे ट्रेड शामिल हैं। इस योजना में कुल 50 लाभुकों का चयन किया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थी की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। नालंदा जिले के सभी वर्गों के अभ्यर्थी—ट्रांसजेंडर, दिव्यांगजन, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग एवं महिला—पात्र होंगे।
आवेदक को केंद्र अथवा राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त संस्थान जैसे RSETI, PMKVY, DDUGKY, जन शिक्षण संस्थान आदि से संबंधित ट्रेड में न्यूनतम 3 से 6 माह का प्रशिक्षण प्राप्त होना अनिवार्य है। वार्षिक आय सीमा अधिकतम ₹3 लाख निर्धारित की गई है। साथ ही जिला नियोजनालय, नालंदा में न्यूनतम 6 माह पूर्व से निबंधन आवश्यक है। चयन प्रक्रिया में निबंधन को वरीयता दी जाएगी तथा महिला अभ्यर्थियों को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
वहीं Study Kit योजना के अंतर्गत UPSC, BPSC, SSC, रेलवे, बैंकिंग एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष रखी गई है। अभ्यर्थी का नालंदा जिले का निवासी होना आवश्यक है। शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट अथवा स्नातक या संबंधित प्रतियोगी परीक्षा के अनुरूप होनी चाहिए। वार्षिक आय सीमा अधिकतम ₹3 लाख निर्धारित की गई है।
Study Kit योजना के लिए भी जिला नियोजनालय, नालंदा में न्यूनतम 6 माह पूर्व से निबंधन अनिवार्य है तथा संबंधित प्रतियोगी परीक्षा हेतु आवेदन का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। इस योजना में भी महिला अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
विभाग द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि कोई भी अभ्यर्थी Tool Kit एवं Study Kit योजना में से केवल एक योजना का ही लाभ प्राप्त कर सकेगा।
पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी आवश्यक प्रमाण पत्रों की स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति के साथ जिला नियोजनालय, नालंदा को संबोधित आवेदन पत्र संयुक्त श्रम भवन, जिला नियोजनालय, ब्लॉक कैंपस, बिहारशरीफ में 30 जनवरी 2026 तक जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष संख्या 06112-359276 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि इस योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि जिले के पात्र युवाओं को सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ मिल सके।
