नकटपुरा के स्मार्ट सिटी वाटर पार्क में ‘रंग बरसे’ कार्यक्रम बना रणक्षेत्र, कई राउंड फायरिंग; गायक रोशन रोही समेत 16 गिरफ्तार

0
IMG-20260301-WA0026

रानी सिन्हा की रिपोर्ट,

बिहारशरीफ। नकटपुरा स्थित स्मार्ट सिटी वाटर पार्क में रविवार को आयोजित ‘रंग बरसे होली मिलन समारोह’ हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद के बाद भोजपुरी गायक रोशन रोही के बाउंसरों और कुछ मेहमानों के निजी सुरक्षाकर्मियों के बीच खुलेआम फायरिंग और रोड़ेबाजी शुरू हो गई। घटना में कवरेज करने गए एक पत्रकार सहित तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गायक समेत मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक कुल 16 लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की गई है।

घायल पत्रकार ने बताया कि वे निमंत्रण पर कार्यक्रम कवरेज के लिए पहुंचे थे। वहां पहुंचते ही अफरा-तफरी का माहौल था और सड़क से ही गोलीबारी शुरू हो गई। उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाना चाहा, कुछ स्थानीय युवकों और बाउंसरों ने उन पर हमला कर दिया, दोनों मोबाइल छीन लिए और पत्थरबाजी की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलाके में करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग की आवाज सुनी गई, जिससे आसपास दहशत फैल गई।

हिंसा में बासोचक गांव निवासी सुबेलाल कुमार के पैर में गोली लग गई। वे खेत से लौट रहे थे तभी यह घटना हुई।
सदर डीएसपी-वन नूरुल हक ने बताया कि घायलों में पत्रकार ऋषिकेश, एक 18–19 वर्षीय युवक और एक वाहन चालक शामिल हैं, जिसके सिर पर चोट आई है। सभी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है और वे खतरे से बाहर बताए गए हैं।

1001288268

डीएसपी नूरुल हक ने मौके पर पहुंचकर बताया कि कार्यक्रम पूरी तरह अनधिकृत था और इसके लिए कोई लाइसेंस नहीं लिया गया था। प्रारंभिक जांच में गायक के बाउंसरों और कुछ मेहमानों के निजी सुरक्षाकर्मियों द्वारा फायरिंग की पुष्टि हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से चार हथियार बरामद किए हैं और तीन क्षतिग्रस्त गाड़ियों को जब्त किया है।

घटना के बाद पुलिस ने वाटर पार्क की घेराबंदी कर दी। डीएसपी ने बताया कि रोशन रोही को पकड़कर थाने भेज दिया गया है और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वाटर पार्क के अंदर मौजूद लोगों की पहचान की जा रही है, बाहर से आए वाहनों और बाउंसरों की जांच हो रही है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

फिलहाल, पुलिस मुख्य द्वार पर तैनात है और साक्ष्य संकलन के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!