मलमास मेला–2026 की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने राजगीर मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण,भीड़ प्रबंधन व सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश

0
IMG-20260203-WA0054

राजगीर (नालंदा)। जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने मलमास मेला–2026 की प्रारंभिक तैयारियों के मद्देनजर राजगीर स्थित मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मेला की व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने तथा विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

भ्रमण के क्रम में डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी, राजगीर एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया कि मलमास मेला को लेकर अविलंब प्रारंभिक कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें। उन्होंने संभावित अपार भीड़ को देखते हुए विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन और नियंत्रण की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।

1001229918

डीएम ने कहा कि जिन स्थानों पर श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ जुटती है, वहां भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, मार्ग व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों को कार्ययोजना में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अफरातफरी या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।

उल्लेखनीय है कि मलमास मेला एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक राजगीर पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, भूमि सुधार उप समाहर्ता, कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *