नालंदा में सड़क हादसे में छात्रा की दर्दनाक मौत, ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रही थी, ट्रक ने कुचला; मुआवजा व कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया रोड जाम

0
IMG-20260211-WA0019

बिहारशरीफ/अस्थावां (नालंदा), संवाददाता। नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूली छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर बिहारशरीफ-बरबीघा मुख्य मार्ग जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया।

मृतका की पहचान अस्थावां थाना क्षेत्र के चिश्तिपुर गांव निवासी उपेंद्र बिंद की 15 वर्षीय पुत्री चांदनी कुमारी के रूप में की गई है। वह कक्षा 10 की छात्रा थी।

ट्यूशन से लौटते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार चांदनी अस्थावां बाजार से ट्यूशन पढ़कर साइकिल से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान सोईवापर गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।

परिवार में सबसे बड़ी थी चांदनी

बताया जाता है कि चांदनी अपने परिवार में दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल है।

मुआवजा और कार्रवाई की मांग पर सड़क जाम

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मुख्य सड़क पर शव रखकर जाम कर दिया। आक्रोशित लोग पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

पुलिस ने शुरू की जांच

अस्थावां थाना अध्यक्ष ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। अज्ञात वाहन की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। सरकारी प्रावधान के अनुसार पीड़ित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *