सरदार बिगहा प्लस टू विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी आयोजित, बच्चों के समग्र विकास पर दिया गया जोर
रानी सिन्हा की रिपोर्ट
नूरसराय (नालंदा)। प्रखंड क्षेत्र की अंधना पंचायत स्थित सरदार बिगहा प्लस टू विद्यालय में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य रंजू सिंह के नेतृत्व में किया गया। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य बच्चों के शैक्षणिक, सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक विकास को लेकर अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य रंजू सिंह ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया से दूर रखते हुए पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कराएं। साथ ही बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और पौष्टिक भोजन देकर भेजने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का आधार है, इसलिए अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई पर निरंतर नजर रखनी चाहिए और उनके साथ संवाद बनाए रखना चाहिए।
गोष्ठी में शिक्षकों ने भी अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए बच्चों की उपस्थिति, अनुशासन और पढ़ाई के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर शिक्षक जीशान अली, विवेक कुमार, मीनाक्षी कुमारी, पूजा सिन्हा, मो. सदाम अली, धनंजय कुमार, ऋषभ कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
