समृद्धि यात्रा: आज नालंदा दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री नितीश कुमार , 810 करोड़ से अधिक की योजनाओं की देंगे सौगात

0
Screenshot_20260326_083954_WhatsApp

बिहारशरीफ/नालंदा: मुख्यमंत्री नितीश कुमार अपनी महत्वाकांक्षी ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत आज अपने गृह जिला नालंदा के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है, वहीं जिला प्रशासन ने सुरक्षा और स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नालंदा को 810 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात देंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए शहर की सूरत बदली नजर आ रही है। प्रमुख सड़कों की मरम्मत, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया गया है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत द्वार बनाए गए हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:30 बजे हेलीकॉप्टर से बिहारशरीफ पहुंचेंगे। उनके लिए नालंदा कॉलेज और सोगरा हाई स्कूल मैदान में विशेष हेलीपैड बनाए गए हैं। यहां से वे सड़क मार्ग से पुराना रांची रोड जाएंगे, जहां एलआईसी भवन से सोगरा कॉलेज मोड़ तक बने स्मार्ट सिटी फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे, जिससे शहरवासियों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

IMG 20260326 WA0008

इसके बाद मुख्यमंत्री कोसुक गांव के समीप पंचाने नदी पर बन रहे रिवर फ्रंट के निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। इसके पश्चात वे दीपनगर स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा।

स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री 316 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 110 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे, साथ ही 494 करोड़ रुपये की 106 नई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं में सरमेरा में प्रस्तावित कृषि अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, विभिन्न नगर निकायों की विकास योजनाएं, पंचायत सरकार भवन, स्मार्ट सिटी के अंतर्गत स्कूल, जीविका भवन और खेल मैदान शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के बाद वे स्टेडियम परिसर में बने अस्थायी सभागार में जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेंगे।

मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी कुंदन कुमार के निर्देश पर शहर के संवेदनशील इलाकों को अस्थायी रूप से रेड जोन घोषित किया गया है। वहीं दीपनगर स्टेडियम, रिवर फ्रंट और फ्लाईओवर क्षेत्र को नो फ्लाई जोन घोषित कर ड्रोन सहित सभी उड़ने वाली वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाया गया है।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। रांची रोड, अस्पताल मोड़ और कचहरी मोड़ जैसे क्षेत्रों में सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बाहरी वाहनों के लिए रहुई मोड़ और कारगिल बस स्टैंड समेत पांच स्थानों पर पार्किंग जोन (P1–P5) बनाए गए हैं।

समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा पटना के लिए प्रस्थान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!