संत रविदास महान संत व सच्चे समाज सुधारक थे : मंत्री श्रवण कुमार, जदयू कार्यालय में धूमधाम से मनाई गई रविदास जयंती
रानी सिन्हा की रिपोर्ट | नूरसराय (नालंदा)
नूरसराय स्थित जदयू कार्यालय में रविवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यकर्ताओं द्वारा संत रविदास जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं परिवहन विभाग के मंत्री श्रवण कुमार तथा जदयू के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र प्रसाद ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने संत रविदास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि संत रविदास महान संत, सच्चे समाज सुधारक और श्रेष्ठ कवि थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज में फैली कुरीतियों और जाति आधारित भेदभाव को समाप्त करने के लिए समर्पित कर दिया। उनके विचार आज भी समाज को समानता और भाईचारे का संदेश देते हैं।
वहीं जदयू के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि संत रविदास भक्ति आंदोलन के प्रमुख संतों में से एक थे। उनके भजन और पद आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि रविदास जयंती केवल पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और मानवता के मूल्यों को अपनाने का संदेश है।
इस अवसर पर नरेन्द्र कुमार निराला, रामचंद्र प्रसाद, बंटी यादव, उपेन्द्र सिंह, भोला चौधरी, दीपू सिंह, अभिमन्यु यादव, विक्की कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

