बिहार के विकास में महिलाओं की भागीदारी अहम : डॉ. रणधीर कुमार, हॉर्टिकल्चर कॉलेज में साक्षी प्रेरणा दिवस पर महिला उद्यमियों को प्रमाणपत्र वितरित

0
IMG-20260201-WA0046

रानी सिन्हा की रिपोर्ट | नूरसराय (नालंदा)

नालंदा उद्यान महाविद्यालय, नूरसराय परिसर में रविवार को ‘साक्षी प्रेरणा दिवस’ के अवसर पर स्वयं शिक्षण प्रयोग के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा जागरूकता एवं महिला उद्यमिता विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता फैलाना था।

इस कार्यक्रम में गया जिले के बजीरगंज, फतेहपुर, मोहड़ा व टनकुप्पा तथा नालंदा जिले के नूरसराय, थरथरी, वेन व परवलपुर प्रखंडों से करीब 200 महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणधीर कुमार ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी सकारात्मक संकेत है और बिहार के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत अहम है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि खेतों में पराली न जलाएं। पराली जलाना धरती मां को नुकसान पहुंचाने जैसा है, इससे मिट्टी की उर्वरता घटती है और कार्बन की मात्रा कम होकर भूमि बंजर होती जाती है।

1001224974

कार्यक्रम के दौरान मिशन हरियाली नूरसराय की ओर से इच्छुक महिलाओं को 100 अमरूद के पौधे निःशुल्क वितरित किए गए।

प्रोजेक्ट मैनेजर गौतम कुमार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करना और महिलाओं को स्वच्छ ऊर्जा उद्यमी के रूप में सशक्त बनाना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक-आर्थिक बदलाव और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा मिल सके।

वहीं मगध एफपीओ, हरनौत के चंदउदय कुमार ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा ऐसे स्रोतों से प्राप्त होती है, जिससे कार्बन उत्सर्जन नहीं होता और पर्यावरण पर नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता।

इस अवसर पर डॉ. रणधीर कुमार ने पीएनबी आरसेटी नालंदा से जूट बैग निर्माण में प्रशिक्षित 35 महिलाओं, गया आरसेटी से जूट बैग निर्माण में प्रशिक्षित 25 महिलाओं तथा कस्टम ज्वेलरी निर्माण में प्रशिक्षित 11 महिलाओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए।

कार्यक्रम में आरसेटी नूरसराय के मनीष कुमार, जीविका वूमेन एफपीओ के अजीत मिश्रा, विकास कुमार, राजकुमार प्रसाद, विपिन कुमार, आयुष कुमार, कमल कुमार, रिया कुमारी, खुशी कुमारी, प्रीति कुमारी, बलवंत कुमार, चंदन कुमार, विशाल कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *