निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री पर तेज हुई सियासी सरगर्मी, जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने की पार्टी में जल्द शामिल करने की मांग

0
IMG-20260303-WA0028

शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट,

नालंदा/बिहारशरीफ। बिहार की राजनीति में एक बार फिर नई चर्चा तेज हो गई है। नितीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के जनता दल (यूनाइटेड) की सक्रिय राजनीति में आने की संभावनाओं को लेकर पार्टी के भीतर हलचल बढ़ती दिख रही है। इसी क्रम में नालंदा से जेडीयू सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने बिहारशरीफ में मीडिया से बातचीत के दौरान बड़ा बयान देते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब निशांत कुमार को पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल होकर संगठन की जिम्मेदारी संभालनी चाहिए।

सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि जेडीयू एक मजबूत विचारधारा वाली पार्टी है, जिसने बिहार में सुशासन और विकास की राजनीति को स्थापित किया है। ऐसे में पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए नई पीढ़ी के नेतृत्व की भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि निशांत कुमार पार्टी में सक्रिय भूमिका निभाते हैं तो इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और संगठन को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “निशांत कुमार के आने से पार्टी और मजबूत होगी। कार्यकर्ताओं की लंबे समय से यह भावना रही है कि वे पार्टी की कमान संभालें और संगठन को नई दिशा दें। पार्टी हित में उनका आना जरूरी है।” सांसद ने यह भी जोड़ा कि इस मुद्दे पर कोई कुछ भी कहे, उससे कोई विशेष फर्क नहीं पड़ेगा, क्योंकि अंतिम निर्णय पार्टी और नेतृत्व का होगा।

कौशलेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी अपील करते हुए कहा कि उन्हें इस विषय पर एक बार पुनर्विचार करना चाहिए। उनके अनुसार, यदि पार्टी नेतृत्व सकारात्मक निर्णय लेता है तो आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने में जेडीयू को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में पार्टी को मजबूत और संगठित नेतृत्व की आवश्यकता है, जिससे जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं का मनोबल और बढ़ सके।

1001292739

सांसद ने यह भी संकेत दिया कि पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता चाहते हैं कि निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में आएं। उनका मानना है कि इससे संगठनात्मक ढांचे को मजबूती मिलेगी और पार्टी की पकड़ ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में और सुदृढ़ होगी।

गौरतलब है कि समय-समय पर निशांत कुमार के राजनीति में प्रवेश को लेकर चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा दिए जा रहे बयानों से यह स्पष्ट है कि जेडीयू के भीतर इस विषय पर गंभीर विचार-विमर्श चल रहा है।

बिहार की राजनीति में वंशवाद और नेतृत्व परिवर्तन जैसे मुद्दों पर अक्सर बहस होती रही है। ऐसे में यदि निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में आते हैं तो यह न केवल जेडीयू के लिए बल्कि राज्य की राजनीति के लिए भी एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम साबित हो सकता है। फिलहाल पार्टी नेतृत्व की ओर से किसी औपचारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन सांसद कौशलेंद्र कुमार के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई सरगर्मी जरूर पैदा कर दी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *