शब-ए-बारात से पहले नगर निगम सख्त: बिहारशरीफ में तीन पालियों में सफाई, 7 वेलकम गेट लगेंगे
प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट
बिहारशरीफ (नालंदा)। बिहारशरीफ नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक शनिवार, 31 जनवरी 2026 को अपराह्न 3 बजे नगर निगम कार्यालय में महापौर श्रीमती अनीता देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उप महापौर श्रीमती आईशा शाहीन, नगर आयुक्त कुमार निशांत विवेक, उप नगर आयुक्त शम्स रजा, नगर प्रबंधक साकेश कुमार सिन्हा एवं त्रिपुरारी शरण संजय, सहायक लोक अपशिष्ट स्वच्छता पदाधिकारी कुंदन कुमार एवं विनय कुमार सहित समिति के सभी सदस्य एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था एवं अन्य विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
शब-ए-बारात पर्व को ध्यान में रखते हुए पूरे शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। कब्रिस्तानों के आसपास विशेष रूप से व्यापक सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश सफाई शाखा के पदाधिकारियों को दिया गया।
नगर निगम क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रमुख स्थलों पर तीन पालियों में सफाई कराने का फैसला किया गया, ताकि स्वच्छता व्यवस्था निरंतर बनी रहे।
बैठक में नगर निगम कार्यालय में कार्यरत पुनर्नियोजित कर्मियों—स्वास्थ्य निरीक्षक परमानंद प्रसाद, विद्युत पर्यवेक्षक परमानंद प्रसाद तथा वार्ड संख्या 23 के वार्ड जमादार सुरेश साव—की सेवा अवधि का विस्तार करने की भी स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके अलावा नगर निगम की सफाई मशीनरी को निजी उपयोग के लिए किराये पर उपलब्ध कराने हेतु दर निर्धारण किया गया। आम नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार डी-वॉटरिंग मशीन, जेसीबी, सुपर सकर मशीन, ट्रैक्टर, टीपर आदि मशीनों का उपयोग भाड़े पर कर सकेंगे।
साथ ही शहर की सुंदरता बढ़ाने के उद्देश्य से बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र के सात प्रमुख प्रवेश स्थलों पर वेलकम गेट स्थापित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक की कार्यवाही समाप्त की गई।
