नालंदा में एक महीने के अंदर वेंडिंग जोन का निर्माण, त्योहारों के पहले सभी वार्डों में स्ट्रीटलाइट लगाने के निर्देश, नगर निगम की बैठक में लिए कई फैसले
प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट
बिहारशरीफ। बिहारशरीफ नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार, को नगर निगम कार्यालय में महापौर श्रीमती अनीता देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में उप महापौर श्रीमती आईशा शाहीन, नगर आयुक्त कुमार निशांत विवेक, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य, सभी पार्षदगण, उप नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, सहायक लोक अपशिष्ट स्वच्छता पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (नगर विकास प्रमंडल-01), अभियंताओं एवं निगम कर्मियों ने भाग लिया।
बैठक में शहर की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने एवं राजस्व संग्रहण बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी।
शहर के महलपर स्थित रैन बसेरा के समीप सरकारी भूमि पर एक माह के भीतर वेंडिंग जोन निर्माण कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही सोहसराय थाना के समीप सड़क किनारे बसे लोगों के पुनर्वास पर सहमति बनी।
नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने के उद्देश्य से चयनित संवेदक को स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्यादेश जारी करने का निर्णय लिया गया। आगामी त्योहारों से पूर्व सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
11 से 13 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले मघड़ा शीतलाष्टमी मेले को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। मेले के दौरान साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
प्रॉपर्टी टैक्स की एकमुश्त अदायगी पर 31 मार्च 2026 तक लागू ब्याज माफी योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक नागरिक योजना का लाभ उठाकर समय पर कर जमा कर सकें।
विस्तारित वार्डों में सड़क वर्गीकरण को विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद राजस्व संग्रहण शुरू करने का निर्णय लिया गया। साथ ही ट्रेड लाइसेंस की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के लिए रोस्टर तैयार कर सभी व्यवसायियों से लाइसेंस शुल्क वसूलने का निर्देश दिया गया।
नगर निगम क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से संचालित मीट-मुर्गा दुकानों और अवैध होर्डिंग्स के विरुद्ध अभियान चलाकर विधिसम्मत कार्रवाई करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि बीपीएल परिवारों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन शुल्क में दी जा रही छूट की जानकारी व्यापक स्तर पर प्रचारित की जाएगी, ताकि पात्र लाभार्थी इसका लाभ उठा सकें।
बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता एवं राजस्व सुदृढ़ीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
