नालंदा में 2 से 13 फरवरी तक इंटरमीडिएट परीक्षा, 40 केंद्रों पर 44 हजार से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट | बिहारशरीफ (नालंदा)
नालंदा जिले में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 का आयोजन 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक दो पालियों में किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
परीक्षा संचालन के लिए जिले में कुल 40 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बिहारशरीफ में 31, राजगीर में 4 तथा हिलसा में 5 परीक्षा केंद्र शामिल हैं। छात्राओं के लिए 18 केंद्र और छात्रों के लिए 22 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
इस वर्ष परीक्षा में 23,132 छात्र एवं 21,220 छात्राएं, कुल मिलाकर 44,352 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया है कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष एवं कदाचार रहित संपन्न हो सके।
साथ ही परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षार्थियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केंद्राधीक्षक को छोड़कर किसी भी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी या कर्मी को परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने परीक्षा की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की बात कही है।
