शराब के नशे में हैवान बना पति: मारपीट के बाद पत्नी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या, दो मासूम हुए अनाथ

0
IMG-20260201-WA0034

रानी सिन्हा की रिपोर्ट

बिहारशरीफ (नालंदा)। नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के मेहनौर गांव में पति द्वारा पत्नी की गला दबाकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मेहनौर गांव निवासी आरती देवी (31 वर्ष), पत्नी मिथिलेश यादव के रूप में हुई है। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है।

मृतका के भाई चंदेश्वर ने बताया कि उसका बहनोई अक्सर शराब पीकर बहन के साथ मारपीट करता था। पूर्व में भी कई बार घरेलू हिंसा की घटनाएं हुई थीं। शिकायत के बाद आरोपी जेल भी जा चुका था। आरोप है कि शनिवार की रात वह नशे की हालत में घर पहुंचा, कमरे का दरवाजा बंद कर पहले मारपीट की और फिर दुपट्टे से गला दबाकर आरती की हत्या कर फरार हो गया।

1001224693

जानकारी के अनुसार, आरती की शादी वर्ष 2012 में सिलाव थाना क्षेत्र के गोरमा गांव से दीपनगर थाना क्षेत्र के मेहनौर गांव निवासी मिथिलेश यादव के साथ हुई थी। दंपत्ति के दो बच्चे हैं — एक बेटा (8 वर्ष) और एक बेटी (6 वर्ष)।

मामले में दीपनगर थाना के अपर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार ने बताया कि पति पर गला घोटकर हत्या करने का आरोप है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। जनवरी महीने में ही मृतका ने मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद आरोपी जेल गया था और करीब आठ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी फरार है। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *