बिहारशरीफ में पहली बार राइनोप्लास्टी की आधुनिक सुविधा शुरू, अश्विनी कॉस्मेटिक एंड ईएनटी हॉस्पिटल में विशेषज्ञों ने दी उन्नत नाक सर्जरी की जानकारी
शंकर कुमार की रिपोर्ट,
बिहारशरीफ। शहर के डॉक्टर्स कॉलोनी स्थित अश्विनी कॉस्मेटिक एंड ईएनटी हॉस्पिटल में शनिवार को राइनोप्लास्टी (नाक की प्लास्टिक सर्जरी) को लेकर विशेष प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस मौके पर अस्पताल के संचालक डॉ. अश्विनी कुमार वर्मा, डॉ. अचला वर्मा, डॉ. अभिनव तथा देश के जाने-माने सर्जन डॉ. विकास कुलकर्णी ने विस्तार से जानकारी साझा की।
प्रेस वार्ता के दौरान बताया गया कि अब राइनोप्लास्टी जैसी उन्नत सर्जरी की सुविधा बिहारशरीफ शहर में ही उपलब्ध है। इससे मरीजों को इलाज के लिए बड़े महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। विशेषज्ञों ने कहा कि यह सर्जरी अब अपेक्षाकृत कम बजट में स्थानीय स्तर पर संभव है, जिससे आम लोगों को भी इसका लाभ मिल सकेगा।
डॉ. विकास कुलकर्णी ने बताया कि राइनोप्लास्टी केवल सौंदर्य सुधार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह श्वास संबंधी समस्याओं, टेढ़ी नाक (डेविएटेड सेप्टम) और दुर्घटना के बाद आई विकृतियों को ठीक करने में भी सहायक है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और सुरक्षित प्रक्रियाओं के माध्यम से बेहतर और संतोषजनक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
डॉ. अचला वर्मा ने कहा कि किसी भी सर्जरी से पहले मरीज की विस्तृत जांच और काउंसलिंग की जाती है। प्रत्येक व्यक्ति की शारीरिक संरचना अलग होती है, इसलिए उपचार की योजना भी व्यक्तिगत आवश्यकता के अनुसार तैयार की जाती है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में ओपन और क्लोज़्ड दोनों तकनीकों से राइनोप्लास्टी की सुविधा उपलब्ध है तथा प्रशिक्षित मेडिकल टीम द्वारा सभी मानक चिकित्सा प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है।
प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों के सवालों का जवाब देते हुए चिकित्सकों ने सुरक्षित सर्जरी, उचित परामर्श और पोस्ट-ऑपरेटिव देखभाल के महत्व पर विशेष बल दिया।
अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की सही और सटीक जानकारी मिलती रहे।
