बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य पर फोकस, डाक चौपाल में सुकन्या समृद्धि योजना पर विशेष जोर
अमर वर्मा की रिपोर्ट,
चंडी। इंडिया पोस्ट के तत्वावधान में चंडी उप डाकघर परिसर में डाक चौपाल का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं एवं सुकन्या समृद्धि योजना की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम में कुल 1550 डाकघर बचत बैंक खाताधारकों तथा 56 सुकन्या समृद्धि योजना खाताधारकों ने भाग लिया। उपस्थित लाभार्थियों को डाक विभाग की विभिन्न बचत योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं डिजिटल सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
डाक चौपाल के मुख्य अतिथि कुंदन कुमार ने अपने संबोधन में सुकन्या समृद्धि योजना को बालिकाओं के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। उन्होंने अधिक से अधिक अभिभावकों से अपनी बेटियों के नाम पर खाता खुलवाने और इस योजना का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विकास राय ने की। उन्होंने कहा कि डाक चौपाल जैसे आयोजन डाक विभाग और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं, जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं की सही एवं समय पर जानकारी मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने डाक विभाग की योजनाओं के प्रति उत्साह व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की मांग की।
