रहुई थाना क्षेत्र के हुडरहिया गांव में आपसी विवाद के दौरान फायरिंग, आरोपी फरार
रानी सिन्हा की रिपोर्ट
रहुई थाना क्षेत्र के हुडरहिया गांव में आपसी विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हुडरहिया गांव निवासी रमेश कुमार एवं अनीष कुमार के बीच कहासुनी हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रास्ते में खड़े अनीष कुमार को हटने के लिए कहने पर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते उग्र हो गया। इसी दौरान अनीष कुमार ने दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की और फायरिंग कर दी। हालांकि, फायरिंग की घटना में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना पर सदर डीएसपी-2 संजय जयसवाल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी ने बताया कि फायरिंग के बाद आरोपी अनीष कुमार मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है और साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है।
पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त कर औपचारिक प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
