डीएम कुंदन कुमार ने की फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा, 41% प्रगति पर जताई चिंता, तेजी लाने के निर्देश
बिहारशरीफ (नालंदा)। जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में जिले में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री (FR) कार्य की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि अब तक जिलेभर में 41 प्रतिशत किसानों का ही फार्मर रजिस्ट्री कार्य पूरा हो सका है। इस धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए जिला कृषि पदाधिकारी को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
डीएम ने निर्देश दिया कि जिन किसानों का रजिस्ट्री कार्य अब तक नहीं हुआ है, उनकी सूची तैयार कर एक-एक किसान की समीक्षा की जाए तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में उन्हें हरसंभव सहयोग दिया जाए। उन्होंने CSC केंद्रों और विशेष कैंपों का नियमित निरीक्षण कर फार्मर रजिस्ट्री की सघन मॉनिटरिंग करने को कहा।
कार्य में गति लाने के लिए टीमों की संख्या बढ़ाने तथा अधिक से अधिक कैंप आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही, अपर समाहर्ता को राजस्व से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का आदेश दिया गया।
महाअभियान के तहत किसानों द्वारा परिमार्जन के लिए दिए गए आवेदन पत्रों को ट्रैक कर शीघ्र कार्रवाई करते हुए रजिस्ट्री कार्य पूर्ण कराने पर भी जोर दिया गया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित लक्ष्य हर हाल में योजनाबद्ध तरीके से हासिल किया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला कृषि पदाधिकारी, आईटी प्रबंधक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
