दीपनगर में 8.18 लाख से संवरेगा देवीस्थान, मंत्री श्रवण कुमार ने किया जीर्णोद्धार कार्य का उद्घाटन
बिहारशरीफ। बिहारशरीफ प्रखंड की ग्राम पंचायत राज मेघी नगवां के ग्राम दीपनगर में षष्टम वित्त आयोग की राशि से देवीस्थान में चाहरदिवारी एवं चबूतरा मरम्मत कार्य का उद्घाटन किया गया। करीब 8 लाख 18 हजार रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक सह बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री तथा जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने किया।
इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के बाद बिहार ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास का नया मॉडल देखा है और उसी विकास की निरंतरता में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने जनसेवा को अपना धर्म मानकर बिहार के विकास के लिए पूरी तन्मयता से कार्य किया। उनके मार्गदर्शन और दूरदर्शिता से बिहार लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विकास के मामले में धर्म, जाति और क्षेत्र के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं किया गया है। सरकार सभी वर्गों और क्षेत्रों के न्याय के साथ विकास के लिए संकल्पित है।
मंत्री ने कहा कि देवीस्थान केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि लोगों की आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का केंद्र है। इसके जीर्णोद्धार से आने वाली पीढ़ियों को भी अपनी परंपरा और संस्कृति से जुड़े रहने का अवसर मिलेगा। सरकार विकास के साथ-साथ ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को भी संवारने का काम कर रही है।
उन्होंने स्थानीय लोगों से देवीस्थान को साफ-सुथरा रखने, अतिक्रमण नहीं होने देने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने मां दुर्गा से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष धनंजय प्रसाद कुशवाहा, प्रमुख प्रतिनिधि जीतन चौहान, जिला जदयू प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार, देव रामवृक्ष प्रसाद, रविंद्र कुशवाहा, युगल किशोर, मुखिया संजय प्रसाद कुशवाहा, पैक्स अध्यक्ष शिवचरण प्रसाद, मुन्ना पासवान, संतोष मेहता, गुलशन कुशवाहा, सुनील रविदास सहित कई समाजसेवी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
