नगरनौसा पीएचसी में रिश्वत लेते बीसीएम गिरफ्तार, निगरानी टीम ने रंगे हाथ दबोचा

0
IMG-20260326-WA0089

नगरनौसा (नालंदा) : नालंदा जिले के नगरनौसा प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। आशा कर्मी की बहाली के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में बीसीएम मंजीत कुमार को निगरानी विभाग की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, नगरनौसा क्षेत्र की एक महिला बॉबी कुमारी से आशा कार्यकर्ता की बहाली कराने के एवज में आरोपी बीसीएम ने 25 हजार रुपये की मांग की थी। महिला ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की, जिसके बाद टीम ने मामले की जांच कर जाल बिछाया।

योजना के तहत जैसे ही बीसीएम मंजीत कुमार ने महिला से 10 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए, निगरानी टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में अफरा-तफरी मच गई। टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। गौरतलब है कि नगरनौसा प्रखंड में एक सप्ताह के भीतर यह निगरानी विभाग की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 20 मार्च को प्रखंड कार्यालय में तैनात एक बीपीआरओ को छठ घाट योजना की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से पूरे प्रखंड क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है। वहीं, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है। निगरानी विभाग की सक्रियता को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!