पॉल्ट्री फार्म में भीषण आग, पांच लाख से अधिक की संपत्ति जलकर राख
अमर वर्मा की रिपोर्ट,
इस्लामपुर (नालंदा)। खुदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महमूदा पंचायत के चूल्हाई बिगहा गांव के टोला मधुकर चक स्थित एक पॉल्ट्री फार्म में अचानक आग लगने से करीब पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना गांव के दक्षिण खंधा में संचालित पॉल्ट्री फार्म में घटी।
पॉल्ट्री फार्म के संचालक अखिलेश कुमार ने बताया कि फार्म में मुर्गी के चुज्जों का पालन-पोषण किया जाता था। आग लगने से करीब पांच हजार मुर्गी के चुज्जे जलकर मर गए। इसके अलावा चुज्जों का 35 बोरा दाना, खाना खिलाने के लिए 400 प्लास्टिक की बाल्टियां, पानी पिलाने के लिए 800 प्लास्टिक की बाल्टियां, दो लकड़ी की चौकी, चार प्लास्टिक की कुर्सियां सहित अन्य सभी सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
अगलगी की घटना देखते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पॉल्ट्री फार्म में लगे बोरिंग के सहारे आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। हालांकि तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
भुक्तभोगी ने घटना की लिखित सूचना स्थानीय थाना को दे दी है। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।
घटना पर अफसोस जताते हुए समाजसेवी अखिलेश यादव एवं बरदाहा पंचायत के उप मुखिया रंजीत यादव ने सरकार से पीड़ित को उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें हुए भारी आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके।
