बीईओ कुमारी पुष्पा के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान सह विदाई समारोह आयोजित, शिक्षकों व अधिकारियों ने अंगवस्त्र व उपहार देकर दी भावभीनी विदाई

0
IMG-20260131-WA0120

नगरनौसा (नालंदा)। नगरनौसा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) कुमारी पुष्पा के सेवानिवृत्त होने पर शनिवार को बीआरसी कार्यालय परिसर में सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की।

समारोह के दौरान शिक्षकों ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया तथा अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक धनंजय कुमार ने की, जबकि संचालन शिक्षक सुनील कुमार ने किया।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ओमप्रकाश कुमार ने कहा कि आज शिक्षा विभाग ने एक कुशल एवं समर्पित अधिकारी को विदाई दी है। उन्होंने अपने सेवाकाल में कार्यक्षमता और जिम्मेदारी का बेहतर परिचय दिया।

अंचल अधिकारी (सीओ) सत्येंद्र कुमार ने कहा कि कुमारी पुष्पा ने शिक्षकों और कर्मियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कुशलता से कार्य किया। उनके कार्यकुशलता और नम्र व्यवहार से सभी प्रभावित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि बीईओ के रूप में उनका कार्यकाल काफी सराहनीय रहा। वे हर कार्य में सहयोग और मार्गदर्शन देती रहीं तथा शिक्षकों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती थीं। उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उपस्थित लोगों ने उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।

वहीं, सेवानिवृत्त बीईओ कुमारी पुष्पा ने भावुक होकर कहा कि नगरनौसा में उनका सेवाकाल समाप्त हो गया है और यह अंतिम दिन हमेशा स्मरणीय रहेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मियों का सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।

मौके पर पीपीएसएस के प्रखंड अध्यक्ष धनंजय कुमार, चंद्रावंती कुमारी, लेखपाल आशीष कुमार, गौरव कुमार, शिक्षक देवांशु कुमार, नंदकिशोर, मोहम्मद दिलशाद आलम, मुन्ना कुमार, अरविंद कुमार, विनोदानंद कुमार, विवेकचंद्रा, तरुण कुमार, सुनील कुमार, शशिभूषण प्रसाद, मनोज कुमार, प्रमोद कुमार, रविन्द्र कुमार, अरविंद कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *