महेशपुर गांव से 15 वर्षीय किशोर लापता, परिजनों ने हरनौत थाना में दर्ज कराई शिकायत
राकेश पासवान की रिपोर्ट
हरनौत (नालंदा)। थाना क्षेत्र के नेहुसा पंचायत अंतर्गत दैली महेशपुर गांव से एक 15 वर्षीय किशोर के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।
लापता किशोर की पहचान महेशपुर गांव निवासी छोटे पासवान के पुत्र अमन कुमार (15 वर्ष) के रूप में हुई है। अमन की मां फूला देवी ने बताया कि उनका पुत्र 5 फरवरी 2026 की सुबह साइकिल लेकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने बताया कि बेटे के नहीं लौटने पर सभी रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद जानकारी नहीं मिलने से परिवार के लोग काफी परेशान हैं और किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं।
इस संबंध में परिजनों ने हरनौत थाना में लिखित आवेदन देकर प्रशासन से बालक की शीघ्र खोजबीन करने की गुहार लगाई है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए परिजनों की मदद से लापता किशोर की तलाश शुरू कर दी है।
