शिक्षक समाज शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव, समस्याओं और अधिकारों की आवाज उठाना जरूरी : डॉ. दिव्या ज्योति
बिहारशरीफ, 26 सितंबर। जन सुराज की ओर से बिहारशरीफ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज की प्रत्याशी डॉ. दिव्या ज्योति ने कहा कि शिक्षक समाज बिहार की शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव है। शिक्षकों की समस्याओं, सम्मान और अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाने की जरूरत है।
डॉ. दिव्या ज्योति ने कहा कि जन सुराज ने 20 सितंबर को उन्हें पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह बांकीपुर में बदलाव की आवाज उठी है, उसी तरह पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भी बदलाव की आवाज मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को केवल चुनावी चर्चा तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास जरूरी है। शिक्षकों के सम्मान, अधिकार, समस्याओं और बेहतर प्रतिनिधित्व से जुड़े विषयों पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है।
डॉ. दिव्या ज्योति ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए शिक्षकों की भागीदारी और उनके अनुभवों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिक्षक समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार, अशोक सिंह, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी सहित जन सुराज के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
