पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के महासचिव जयवंत जीएच का हरनौत में भव्य स्वागत
हरनौत – पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के महासचिव जयवंत जीएच के पहली बार बिहार के एक दिवसीय दौरे पर नालंदा पहुंचने पर हरनौत बाजार में पैरा खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं खेल संगठनों से जुड़े लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने फूल-माला, बुके, शॉल एवं पौधा भेंटकर उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। उनके आगमन को लेकर पारा खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
हरनौत बाजार पहुंचने के बाद जयवंत जीएच ने कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक जीतकर बिहार एवं देश का नाम रोशन करने वाले पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार के घर ( बिस्कोमान कम्प्लेक्स
भवन के पीछे)पहुंचकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने झंडू कुमार के माता-पिता से बातचीत कर उनके संघर्ष, प्रशिक्षण और खेल उपलब्धियों की जानकारी ली।
इस अवसर पर जयवंत जीएच ने कहा कि झंडू कुमार जैसे प्रतिभावान खिलाड़ी बिहार के गांव-गांव में मौजूद हैं। जरूरत है कि ऐसी प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आवश्यक संसाधन और उचित मंच उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बिहार में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन हैं और यह प्रतिभाओं का बहुत बड़ा आधार है। सरकार, खेल संगठनों, प्रशिक्षकों और समाज के सामूहिक सहयोग से इन प्रतिभाओं को सही दिशा दी जाए तो झंडू कुमार और सुमन राणा जैसे अनेक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने खेलों को जन-जन तक पहुंचाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
जयवंत जीएच ने कहा कि पैरालंपिक खेलों को आगे बढ़ाने में देश के विभिन्न खेल विशेषज्ञों, प्रशिक्षकों एवं पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आगामी 18 से 24 अक्टूबर को जापान में होने वाले एशियन गेम्स में भारतीय पारा खिलाड़ियों का दल हिस्सा लेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करते हुए अधिक से अधिक पदक जीतेंगे और देश का तिरंगा ऊंचा करेंगे।
