परासी मध्य विद्यालय मे एमडीएम खाने से 34 बच्चे बीमार , तीन रसोइया कार्यमुक्त, प्रधानाध्यापक निलंबित
नूरसराय में परासी मध्य विद्यालय की घटना, एसडीओ की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति गठित
नालंदा। नूरसराय प्रखंड के मध्य विद्यालय, परासी में 18 अगस्त को मध्याह्न भोजन खाने के बाद 34 बच्चों के बीमार पड़ने की घटना में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय में कार्यरत तीन रसोइयों को कार्यमुक्त कर दिया गया है, जबकि प्रधानाध्यापक शैलेन्द्र कुमार को निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना की विस्तृत जांच के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, बिहारशरीफ की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है।
बताया गया कि 18 अगस्त को विद्यालय में मध्याह्न भोजन करने के बाद 34 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी। इनमें 17 छात्र और 17 छात्राएं शामिल थे। सभी बच्चों को उपचार के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ में भर्ती कराया गया था। बच्चों को दोपहर करीब 2:15 बजे अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज किया।
विद्यालय में मध्याह्न भोजन स्वयंसेवी संस्था एकता शक्ति फाउंडेशन के रामघाट, नगरनौसा स्थित केंद्रीयकृत रसोईघर से उपलब्ध कराया जाता है। घटना के बाद जिला प्रशासन ने भोजन की व्यवस्था और विद्यालय प्रबंधन की भूमिका को लेकर कार्रवाई शुरू की।
तीन रसोइयों को किया गया कार्यमुक्त
प्रशासनिक कार्रवाई के तहत मध्य विद्यालय, परासी में कार्यरत तीन रसोइयों मंटु देवी, शारदा देवी और निपु देवी को कार्यमुक्त कर दिया गया है। वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक शैलेन्द्र कुमार को निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई के अधीन किया गया है।
इसके अलावा प्रखंड साधन सेवी नूरसराय महेश प्रसाद, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मध्याह्न भोजन योजना नालंदा जीतेन्द्र कुमार और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मध्याह्न भोजन योजना नालंदा से कारण-पृच्छा की गई है।
फाउंडेशन के परियोजना प्रबंधक से भी जवाब-तलब
मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने वाली संस्था एकता शक्ति फाउंडेशन के रामघाट, नगरनौसा स्थित केंद्रीयकृत रसोईघर के परियोजना प्रबंधक शशांक सिन्हा से भी जिला प्रशासन ने कारण-पृच्छा की है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि भोजन की आपूर्ति से लेकर विद्यालय में वितरण तक कहीं किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई।
अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
घटना को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक शैलेन्द्र कुमार ने 18 अगस्त को नूरसराय थाने में अज्ञात दोषी व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसडीओ की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति
पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए जिला पदाधिकारी, नालंदा के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी, बिहारशरीफ की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। समिति घटना के कारणों, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, विद्यालय प्रबंधन की भूमिका और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच करेगी।
जिला प्रशासन के अनुसार, जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने विद्यालयों में बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।
