राजगीर मलमास मेला में उत्कृष्ट सुरक्षा व्यवस्था के लिए तेलमर थानाध्यक्ष सम्मानित
हरनौत – नालंदा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भारत सोनी ने राजकीय राजगीर मलमास मेला-2026 के दौरान उत्कृष्ट सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण एवं भीड़ नियंत्रण में सराहनीय योगदान देने पर तेलमर थाना के थानाध्यक्ष चन्द्रशेखर कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सोमवार को बिहारशरीफ स्थित समाहरणालय परिसर के सभागार में आयोजित समारोह के दौरान एसपी भारत सोनी ने थानाध्यक्ष चन्द्रशेखर कुमार को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
प्रशस्ति पत्र में एसपी ने उल्लेख किया कि राजकीय राजगीर मलमास मेला-2026 के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का थानाध्यक्ष ने अक्षरशः पालन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा भीड़ नियंत्रण का कार्य अत्यंत कुशलता और जिम्मेदारी के साथ किया। उन्होंने कहा कि चन्द्रशेखर कुमार की नेतृत्व क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा, कड़ी मेहनत एवं कार्य के प्रति समर्पण के कारण ही मेले का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
एसपी भारत सोनी ने थानाध्यक्ष चन्द्रशेखर कुमार को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विश्वास जताया कि वे आगे भी इसी प्रकार निष्ठा, ईमानदारी और दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए नालंदा पुलिस का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
सम्मान मिलने पर पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने थानाध्यक्ष चन्द्रशेखर कुमार को बधाई देते हुए इसे पूरे तेलमर थाना के लिए गर्व का क्षण बताया।
