एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बिहार के सेतु मिश्रा का ऐतिहासिक प्रदर्शन

0
WhatsApp Image 2026-07-13 at 6.13.47 AM

एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर रचा इतिहास, एशियाई एथलेटिक्स में दो पदक जीतने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी बने

पटना: बिहार के उभरते एथलीट सेतु मिश्रा ने चीन में आयोजित एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है।
इस बात की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि सेतु ने प्रतियोगिता में भारत के लिए 4×400 मीटर मिश्रित रिले में स्वर्ण पदक तथा पुरुष 4×400 मीटर रिले में रजत पदक जीतकर बिहार का गौरव बढ़ाया है।
पुरुष 4×400 मीटर रिले के फाइनल में सेतु मिश्रा ने भारतीय टीम के लिए तीसरा लेग दौड़ा। उन्होंने चीन के धावक को कड़ी टक्कर देते हुए टीम की बढ़त बनाए रखी और अंतिम धावक को बेहतरीन स्थिति में बैटन सौंपा। सेतु द्वारा बनाए गए इस महत्वपूर्ण अंतर का लाभ उठाते हुए भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और रजत पदक अपने नाम किया।
इससे पहले 4×400 मीटर मिश्रित रिले स्पर्धा में भी सेतु भारतीय टीम का हिस्सा रहे, जहां टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रगान की गूंज के बीच भारत को शीर्ष स्थान दिलाया।
सेतु मिश्रा की यह उपलब्धि बिहार के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ती है। वे एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो पदक जीतने वाले बिहार के पहले एथलीट बन गए हैं।
इस ऐतिहासिक सफलता पर बिहार राज्य खेल
प्राधिकरण तथा खेल विभाग की ओर से सेतु मिश्रा और भारतीय टीम को बधाई देते हुए श्री शंकरण ने कहा कि यह उपलब्धि बिहार के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सेतु भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और बिहार का नाम रोशन करते रहेंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *